काशी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 259 चालान, 14 वाहन सीज

सड़क सुरक्षा को लेकर गोमती ज़ोन पुलिस का एक्शन, 259 चालान और 14 वाहन सीज
 
रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग और अवैध पार्किंग पर पुलिस सख्त, 259 वाहनों का चालान

 

 

वाराणसी। शहर में सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गोमती ज़ोन पुलिस ने शनिवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन नृपेन्द्र के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया।

 

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।

 

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान के दौरान कुल 259 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 14 वाहनों को सीज कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के तहत रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 82, अवैध पार्किंग पर 81, ओवरस्पीडिंग के 93 तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 3 चालान किए गए।

गोमती ज़ोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।