त्योहारों से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्ती

 

वाराणसी। धनतेरस, दीपावली और भाईदूज के मद्देनजर शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की कवायद तेज कर दी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और व्यस्त इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने लहरतारा, मंडुवाडीह, बनारस रेलवे स्टेशन, भिखारीपुर तिराहा, बीएलडब्ल्यू, नरिया और लंका चौराहे सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने त्योहारों के दौरान आमजन को आवागमन में परेशानी न होने देने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने पर जोर दिया।

सड़क और फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण

पुलिस आयुक्त ने सड़क और फुटपाथ पर दुकानों, ठेलों एवं खोमचों के माध्यम से किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर कराने की हिदायत दी गई, ताकि दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का होगा पालन

शहर में लागू कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े कराए जाएं। पार्किंग स्थलों पर क्षमता से अधिक दबाव होने की स्थिति में वाहन चालकों को वैकल्पिक पार्किंग की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आवश्यक यातायात संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए गए।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

त्योहारों के दौरान प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन ले जाने और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त करने तथा स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस के समन्वय से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से की अपील

कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से त्योहारों के दौरान सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।