काशी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान, न्यूजीलैंड की वर्ल्ड एरोबिक्स चैंपियनशिप में हुआ चयन
वाराणसी। काशी के तीन युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। वाराणसी के आरंभ स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी के तीन खिलाड़ियों का चयन न्यूजीलैंड में आयोजित होने वाली वर्ल्ड एरोबिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता इसी वर्ष नवंबर में आयोजित की जाएगी।
इन खिलाड़ियों का चयन कर्नाटक के मैसूर में 15 से 17 मई तक आयोजित फेडरेशन कप एरोबिक्स एवं हिप-हॉप नेशनल चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन एफआईएएसएएफ इंडिया की ओर से किया गया था।
चयनित खिलाड़ियों में शावी शाह, अनिरुद्ध स्वर्णकार और याशिका वर्मा शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए।
शावी शाह ने अंडर-7 गर्ल्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अनिरुद्ध स्वर्णकार ने अंडर-11 बॉयज कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं याशिका वर्मा को अंडर-11 गर्ल्स वर्ग में रजत पदक मिला।
मिक्स पेयर अंडर-11 कैटेगरी में अनिरुद्ध स्वर्णकार और याशिका वर्मा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और तकनीकी प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मैसूर के जेएसएस विद्यापीठ में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 425 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों की सफलता में कोच आशीष शर्मा और प्रशांत रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोमवार को वाराणसी लौटने पर एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों और उनके कोच का भव्य स्वागत किया गया। अकादमी के निदेशक अजीत श्रीवास्तव और अखिलेश रावत समेत कई खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
अकादमी के चेयरमैन राहुल सिंह, जिला जिमनास्टिक संघ के अध्यक्ष डॉ. शचींद्रनाथ मिश्रा और तकनीकी निदेशक विश्वास राव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।