उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद बढ़ी गुलाबी ठंड, तापमान में गिरावट के संकेत
वाराणसी। उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आसमान साफ होने के साथ दिन में धूप तेज हो रही है, जबकि सुबह और रात के तापमान में ठंडक का अहसास बढ़ गया है। पूर्वांचल के कई इलाकों में कुहासा भी अब धीरे-धीरे घना होने लगा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के संकेत दिए हैं।
मानसून की विदाई सोनभद्र के रास्ते हुई है। इसके साथ ही वातावरण में नमी का स्तर घटने और स्थानीय गर्मी में कमी आने से ठंड का असर बढ़ने लगा है। नदी और जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय कुहासा अधिक दिखाई देने लगा है। वाराणसी, मऊ, बलिया, मीरजापुर और सोनभद्र समेत पूर्वांचल के कई इलाकों में इसका प्रभाव देखा जा रहा है।
वाराणसी में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह मौसम सामान्य रहने के साथ ठंडक बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि अक्टूबर के अंत तक न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।