पिंडरा को मिली नई सड़क की सौगात, कठीराव–नेवादा मार्ग निर्माण कार्य शुरू
वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने 124.03 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कठीराव–नेवादा मार्ग के निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि कठीराव–नेवादा मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थी। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद दोनों गांवों के बीच आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों तथा आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बरसात के दौरान खराब सड़क के कारण होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी तथा कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा बढ़ेगी।
विधायक ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों का विस्तार होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार जारी रहेगी तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग के निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जेपी दुबे, आदित्य दुबे, मनोज शुक्ला, बच्चन चौहान, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, बाबा शंकर पांडेय, मीठे सिंह, दीपक सिंह, अभिषेक राजपूत, दिलीप सिंह (प्रधान), मुरारी सिंह, अनुज सिंह, अजय पटेल, रमेश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।