वाराणसी में पट्टीदारी विवाद ने ली युवक की जान, घर के बाहर बुलाकर सिर में मारी गोली
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार रात पुरानी पट्टीदारी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। 22 वर्षीय युवक सौरभ सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
घर के बाहर बुलाकर की गई वारदात
पुलिस और परिजनों के अनुसार मृतक सौरभ सिंह, पुत्र लालू सिंह, गुरुवार रात करीब 9:15 बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे बुलाया। जैसे ही वह उनके पास पहुंचा, उसके सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल उसे इलाज के लिए सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक सप्ताह पहले हुई थी पंचायत
परिजनों का कहना है कि सौरभ का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही सिंधोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी पट्टीदारी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद मझवा गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।