पद्म विभूषण पं. छन्नू लाल मिश्र बीएचयू में भर्ती, स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थनाओं का दौर
वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक एवं पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नू लाल मिश्र की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। बीते गुरुवार को उन्हें हीमोग्लोबिन की कमी के चलते मिर्जापुर के रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत में सुधार बताया था।
परिजनों के अनुसार, बीते शनिवार (13 सितम्बर) की रात उनकी तबीयत अचानक फिर खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल बीएचयू के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में एडमिट कराया गया। वर्तमान में पंडित जी को आईसीयू में रखा गया है और डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है।
उनकी पुत्री ममता मिश्रा को इस बारे में अपनी बहन डॉ. नम्रता मिश्रा से जानकारी मिली, जिसके बाद वे सीधे बीएचयू अस्पताल पहुंचीं और पिता की स्थिति की जानकारी ली।
इस बीच पंडित छन्नू लाल मिश्र के प्रशंसक, शुभचिंतक और चाहने वाले लगातार अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल ले रहे हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।