देव दीपावली पर काशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग बंद, मंगला आरती के टिकट भी उपलब्ध नहीं

24 नवंबर को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास का निर्णय, 15 दिनों में 868 भक्तों ने यूपीआई से 12.51 लाख रुपये किए दा
 

वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन की ऑनलाइन टिकट बुकिंग बंद कर दी है। 24 नवंबर को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए सुगम दर्शन के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होंगे। मंदिर न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसकी सूचना जारी कर दी गई है। वहीं, मंगला आरती के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, देव दीपावली पर काशी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सामान्य दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देने और श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। रविवार रात आठ बजे तक सोमवार के दो स्लॉट को छोड़कर सुगम दर्शन के लगभग सभी स्लॉट बुक हो चुके थे। इसके बाद 24 नवंबर के लिए ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह निलंबित कर दी गई।

 यूपीआई से बाबा के दरबार में 12.51 लाख रुपये का दान

काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था ऑनलाइन दान के रूप में भी सामने आ रही है। नवंबर महीने में अब तक 900 से अधिक भक्तों ने यूपीआई के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के नाम करीब 20 लाख रुपये का दान किया है। इसमें पिछले 15 दिनों के दौरान 868 श्रद्धालुओं ने 12.51 लाख रुपये की धनराशि अर्पित की। इस अवधि में सबसे अधिक 3.30 लाख रुपये का दान मिला, जबकि औसत दान राशि 1,441 रुपये रही।

अन्न क्षेत्र को भी मिला 8.25 लाख रुपये का सहयोग

मंदिर न्यास के अन्न क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं ने उदारता दिखाई है। नवंबर महीने में अब तक 35 भक्तों ने अन्न क्षेत्र के लिए कुल 8.25 लाख रुपये का योगदान दिया है। श्रद्धालु अपनी और परिवार की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और परीक्षा में सफलता की कामना के साथ बाबा के दरबार में ऑनलाइन दान कर रहे हैं।

दान करने वालों में ऐसे श्रद्धालु भी शामिल हैं, जिन्होंने आईआईटी की सेमेस्टर परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और यूपीएससी परीक्षा में सफलता की कामना के लिए धनराशि अर्पित की। किसी ने बच्चों की बेहतर शिक्षा तो किसी ने अस्पताल में अच्छे इलाज की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ के चरणों में दान किया।

देव दीपावली के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं से मंदिर प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपेक्षा की गई है।