काशी गंगा महोत्सव के तीसरे दिन कल्पना पटवारी के गीतों पर झूम उठा नमो घाट

 कल्पना पटवारी के भोजपुरी गीतों पर देर रात तक झूमते रहे दर्शक, भक्ति गीतों और लोकसंगीत की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; नमो घाट पर महोत्सव की तीसरी शाम बनी यादगार।
 

वाराणसी। आदमपुर क्षेत्र स्थित नमो घाट पर आयोजित काशी गंगा महोत्सव के तीसरे दिन संगीत और भक्ति का शानदार संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित महोत्सव की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत, भक्ति गीतों और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में कलाकार अलीसा मिश्रा ने तबले के माध्यम से दुर्गा स्तुति की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं, शास्त्रीय गायक पंडित आनंद किशोर मिश्र ने ‘महादेव जटा मुकुट शिश गंगा धारे’ भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद गायिका रंजना राय सिंह ने ‘छोटकी ननदिया बड़ी हरजईया’ लोकगीत के जरिए अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा।

महोत्सव की प्रमुख आकर्षण भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी रहीं। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, नमो घाट तालियों और दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा। दर्शकों की फरमाइश पर उन्होंने ‘हमसे ना पिसाई भंगवा ऐ गणेश के पापा’ गीत प्रस्तुत किया तो श्रोता झूमने लगे। इसके अलावा छठी मैया के भजन और ‘झुमका झुलनिया हंसुली नथुनिया चाहे कजरे का धार’ जैसे लोकप्रिय गीतों ने भी खूब वाहवाही बटोरी।

कल्पना पटवारी ने देर रात तक भोजपुरी फिल्मी गीतों और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को बांधे रखा। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से नमो घाट गूंजता रहा। महोत्सव की तीसरी शाम काशीवासियों और संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई।