गंगा दशहरा पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन-अर्चन, मां गंगा का हुआ अभिषेक
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंगलवार को गंगा दशहरा पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष दशमी के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रातःकालीन बेला में मंदिर के घाट पर मां गंगा की विधिवत आरती की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का अभिषेक संपन्न हुआ। वहीं धाम स्थित मंदिर परिसर में विराजमान मां गंगाजी के विग्रह का भी विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगा दशहरा वह पवित्र तिथि मानी जाती है, जब मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान, पूजा एवं आराधना करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति का पुण्य फल मिलता है।
इस दौरान मंदिर न्यास के अधिकारी, कर्मचारी, अर्चकगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां गंगा एवं बाबा श्री काशी विश्वनाथ का पूजन किया।