गंगा दशहरा पर अस्सी घाट में गंगा प्राकट्य उत्सव का आयोजन, समाजसेवी अश्वनी शुक्ला हुए सम्मानित

 

वाराणसी। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अस्सी घाट स्थित गंगा तट पर ब्रह्म राष्ट्र एकम विश्व महासंघ न्यास की ओर से भव्य “गंगा प्राकट्य उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण में विशेष योगदान देने वाले प्रसिद्ध समाजसेवी अश्वनी शुक्ला एवं दुर्गा जी मंदिर के महंत कौशल गुरु जी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महंत कौशल गुरु जी ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में जनजागरण का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार हैं। मां गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

कार्यक्रम में सम्मानित समाजसेवी अश्वनी शुक्ला ने कहा कि मां गंगा मोक्षदायिनी हैं और भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि गंगा के प्रति हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि उन्हें प्रदूषण मुक्त रखा जाए और गंदगी व नालों को गंगा में बहने से रोका जाए। अश्वनी शुक्ला लंबे समय से सामाजिक कार्यों, धार्मिक आयोजनों और जनसेवा से जुड़े रहे हैं तथा समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सनातन धर्म का ध्वज और मजबूत होता है तथा समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। सम्मान मिलने पर उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताया।