दुर्गा अष्टमी पर अन्नदान फाउंडेशन वाराणसी ने 55 से अधिक बच्चों को कराया भोजन

 

वाराणसी। नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां एक ओर वाराणसी के घर-घर में देवी की आराधना हो रही थी, वहीं अन्नदान फाउंडेशन वाराणसी ने अन्नदान के माध्यम से सेवा का सराहनीय कार्य किया। दिनांक 26 मार्च 2026 को दुर्गाअष्टमी के अवसर पर भारत माता मंदिर, सिगरा, वाराणसी में अन्नदान फाउंडेशन द्वारा ट्राय टू फाइट फाउंडेशन के सहयोग से एक विशेष सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस आयोजन में 55 से अधिक जरूरतमंद बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल तथा अध्ययन सामग्री वितरित की गई। साथ ही 21 बालिकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया, जिसमें उनके चरण धोना, तिलक लगाना तथा सम्मानपूर्वक भोजन कराना शामिल रहा। कार्यक्रम की संपूर्ण भोजन एवं सामग्री वितरण व्यवस्था अन्नदान फाउंडेशन द्वारा की गई।

अन्नदान फाउंडेशन के संस्थापक आयुष कुशवाहा ने कहा- हमारा विश्वास है कि भूखे बच्चे को भोजन कराना किसी भी पूजा से बढ़कर है। दुर्गाअष्टमी के इस पावन अवसर पर बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान ही हमारे लिए सबसे बड़ा प्रसाद है।

इस अवसर पर ट्राय टू फाइट फाउंडेशन के संस्थापक वैभव मिश्रा, सह-संस्थापक हिमांशु मिश्रा, रंजीत रंजन, प्रमुख संरक्षिका पुष्पा मिश्रा, तरुण मिश्रा, हिमांशी पाठक सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ट्राय टू फाइट फाउंडेशन के प्रमुख कार्यक्रम ‘सक्षम बेटी’ का शुभारंभ भी किया गया, जो वंचित बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है।

अन्नदान फाउंडेशन वाराणसी एक सामाजिक संस्था है, जो वंचित बच्चों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए नियमित रूप से भोजन वितरण तथा सहयोग के कार्य करती है।