देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर गूंजेगी शिव महिमा, 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक
वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी का दशाश्वमेध घाट भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक वैभव के अद्भुत दृश्य का साक्षी बनेगा। इस दौरान भगवान शिव की महिमा और मां गंगा की आराधना से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाली भव्य महाआरती में वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजन और पर्यावरण अनुकूल दीपदान प्रमुख आकर्षण होंगे।
गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' ने बताया कि समिति की ओर से पिछले 36 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी मां गंगा का वैदिक विधि-विधान से पूजन एवं स्तवन किया जाएगा। इस अवसर पर 151 लीटर दूध से मां गंगा का विशेष अभिषेक होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज से दशाश्वमेध घाट का वातावरण भक्तिमय बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम वजनी अष्टधातु प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। देव दीपावली के आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए पूरे घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। वहीं, पारंपरिक विधि से होने वाली महाआरती के दौरान दीपों की रोशनी और आरती की दिव्यता श्रद्धालुओं को देव लोक जैसा एहसास कराएगी।
आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छ गंगा का संदेश भी दिया जाएगा। इसके लिए पर्यावरण अनुकूल दीपदान को प्रोत्साहित किया जाएगा। समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ मां गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। देव दीपावली की रात दशाश्वमेध घाट पर आस्था, भक्ति और दीपों की अलौकिक छटा काशी की धार्मिक पहचान को एक बार फिर जीवंत करेगी।