नागरिक सुरक्षा के पुराने सदस्यों को मिलेगा रिफ्रेशर प्रशिक्षण, वार्डन भर्ती के लिए चलेगा विशेष अभियान
वाराणसी। नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुराने सदस्यों को रिफ्रेशर कोर्स के माध्यम से दोबारा प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अन्य विभागों के विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि सदस्यों की कार्यक्षमता और आपदा प्रबंधन से जुड़ी दक्षता को बेहतर बनाया जा सके। यह निर्देश पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
बैठक में नागरिक सुरक्षा के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शहर के प्रखंडवार गली-मोहल्लों में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसका उद्देश्य आपदा या किसी आपात स्थिति में आम नागरिकों को जागरूक कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन की भूमिका केवल आपदा के समय ही नहीं, बल्कि जनजागरूकता और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण है।
पुलिस महानिदेशक ने वार्डन सेवा में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष भर्ती पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल विशेष अभियान चलाकर रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग नागरिक सुरक्षा से जुड़ सकें।
इस दौरान उपनियंत्रक जितेंद्र देव सिंह, चीफ वार्डन विनोद कुमार गुप्ता और स्टाफ ऑफिसर अंकुर चड्ढा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एडीसी इरफानुल हौदा, विवेक कुमार, कन्हैया लाल, मंगला प्रसाद, बीबी सुंदर शास्त्री, अरविंद विश्वकर्मा और अजय यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।