अब उद्योगों का गढ़ बनेगा बनारस, वंदे भारत से विमान तक के पार्ट्स काशी में होंगे तैयार

वंदे भारत के पार्ट्स से पावर प्लांट की टर्बाइन तक, औद्योगिक नक्शे पर चमकेगा बनारस
 
बनारस की अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार, हजारों करोड़ के निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

 

वाराणसी। धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पहचान रखने वाली काशी अब तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में वाराणसी में वंदे भारत जैसी ट्रेनों के इंजन पार्ट्स, हवाई जहाज के उपकरण, औद्योगिक वाल्व और थर्मल, गैस व हाइड्रो पावर प्लांट के लिए स्टीम एवं गैस टर्बाइन का निर्माण होगा। इसके साथ ही कई बड़े होटल भी स्थापित किए जाएंगे। बड़े औद्योगिक निवेश से जिले में विनिर्माण गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

 

जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए भेल, कैंपा कोला और वीफॉर्म टेक्नोपैक समेत 76 बड़ी कंपनियां निवेश की तैयारी में हैं। उद्योग विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में 201 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के माध्यम से कुल 24,187 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 125 परियोजनाएं पूरी होकर संचालन में आ चुकी हैं। इन परियोजनाओं में करीब 9,180 करोड़ रुपये का वास्तविक निवेश हो चुका है।

ऑटोमोबाइल से रेलवे तक के उपकरणों का होगा निर्माण

वाराणसी में स्थापित और प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इनमें मोबाइल, कार, बस, ट्रक और रेलवे से संबंधित आवश्यक पार्ट्स के साथ अत्याधुनिक औद्योगिक उपकरण भी शामिल हैं। वंदे भारत ट्रेनों के इंजन से जुड़े पार्ट्स, एविएशन कंपोनेंट्स और पावर प्लांट में इस्तेमाल होने वाली टर्बाइन जैसी उच्च तकनीक वाली विनिर्माण इकाइयों के आने से वाराणसी के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।

विज्ञापन

औद्योगिक निवेश से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ने से सहायक उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं को भी फायदा मिलने की संभावना है। इससे वाराणसी के साथ-साथ पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।

उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत के इंजन पार्ट्स, टर्बाइन और एविएशन कंपोनेंट्स जैसी अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों से लेकर बड़े होटल परियोजनाओं तक विभिन्न क्षेत्रों में निवेश हो रहा है। इससे जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।