अब रात में काशी से दिल्ली का सफर होगा आरामदायक, जानिए ट्रेन का किराया
वाराणसी। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नई सुविधा शुरू की है। देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की नियमित व्यावसायिक सेवा 2 नवंबर से शुरू हो गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन रातभर का सफर तय कर यात्रियों को अगली सुबह दिल्ली पहुंचाएगी। ट्रेन की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और शुरुआती दिनों के टिकटों की मांग बढ़ गई है।
रेलवे की ओर से इस ट्रेन का संचालन 27421 और 27422 नंबर से किया जा रहा है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 27421 सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह शुक्रवार को संचालित नहीं होगी। वहीं, नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन संख्या 27422 शनिवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन चलेगी।
करीब साढ़े नौ घंटे में पूरा होगा सफर
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। करीब 760 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग साढ़े नौ घंटे लगेंगे। इससे दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को रात में सफर कर सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में ठहराव
इस ट्रेन का ठहराव वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चार प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद शामिल हैं। इन स्टेशनों के यात्री भी इस आधुनिक ट्रेन से दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा कर सकेंगे।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध होंगे टिकट
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी की सुविधा उपलब्ध है। वाराणसी से नई दिल्ली तक का किराया श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है।
- थर्ड एसी (3AC) : 1,915 रुपये
- सेकंड एसी (2AC) : 2,470 रुपये
- फर्स्ट एसी (1AC) : 3,030 रुपये
वहीं, वाराणसी से प्रयागराज या कानपुर सेंट्रल तक थर्ड एसी का किराया 1,010 रुपये, सेकंड एसी का 1,305 रुपये और फर्स्ट एसी का 1,600 रुपये है। वाराणसी से अलीगढ़ तक थर्ड एसी का किराया 1,590 रुपये, सेकंड एसी का 2,050 रुपये और फर्स्ट एसी का 2,515 रुपये निर्धारित है।
16 कोच और 823 यात्रियों की क्षमता
इस अत्याधुनिक ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। पूरी ट्रेन में 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर कुशनिंग वाले बर्थ, ऑटोमैटिक दरवाजे, उन्नत सस्पेंशन और शोर कम करने की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन में कवच सुरक्षा प्रणाली और इमरजेंसी टॉक-बैक सुविधा भी दी गई है। ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक है, हालांकि इस रूट पर इसका परिचालन लगभग 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से किए जाने की जानकारी दी गई है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग
यात्री इस ट्रेन में सफर के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट, Rail Connect और RailOne ऐप के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटर से भी टिकट लिया जा सकता है। नई सेवा से वाराणसी, प्रयागराज और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक और आधुनिक रेल विकल्प मिल गया है।