मिशन 2027 की तैयारी में जुटी निषाद पार्टी, वाराणसी में 26 अप्रैल को होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन

 

वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में निषाद पार्टी ने भी अपनी राजनीतिक गतिविधियों को रफ्तार देते हुए जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से 26 अप्रैल को वाराणसी में प्रस्तावित “मिशन 2027” जनसभा को लेकर रणनीति तैयार कर ली गई है।

9 अप्रैल 2026 को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वाराणसी मंडल के सह-समन्वयक चंदन सिंह राजपूत ने लखनऊ में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद से मुलाकात की। इस दौरान जनसभा के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह जनसभा दो मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसमें पूर्वांचल के कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर और आजमगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

चंदन सिंह राजपूत ने कहा कि “मिशन 2027” को सफल बनाने के लिए यह जनसभा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

उन्होंने समाज के हर वर्ग-माता, बहन, भाई और युवाओं-से भी भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही समाज के अधिकारों की प्रभावी आवाज बन सकता है।

फिलहाल निषाद पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही है और 26 अप्रैल को होने वाली यह जनसभा राजनीतिक दृष्टि से एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।