आयुर्वेद चिकित्सक बनने की राह से रूबरू हुए नए विद्यार्थी, महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित

आयुर्वेद चिकित्सा के गुर सीखेंगे नए विद्यार्थी, ट्रांसिशनल करिकुलम शुरू
 

वाराणसी। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, वाराणसी में गुरुवार को बीएएमएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ट्रांसिशनल करिकुलम कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण तथा भविष्य में निभाई जाने वाली चिकित्सकीय जिम्मेदारियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीके मौर्य ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, कठिन परिश्रम और पूर्ण समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बीएएमएस पाठ्यक्रम की महत्ता और समाज में आयुर्वेद चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. शैलेन्द्र ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी। वहीं डॉ. प्रसाद एवं डॉ. शशि गुप्ता ने विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया और विभागीय कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में प्रो. उषा द्विवेदी, डॉ. विजय राय, डॉ. मनीष मिश्र, डॉ. जितेंद्र सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुक्ता ने किया, जबकि आयोजक सचिव की जिम्मेदारी डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने निभाई।