ADG का कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में नवीन अरोड़ा, कानून-व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। वाराणसी जोन के नवागत अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोड़ा (IPS) ने बुधवार को विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम एवं बारावफात जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। ADG ने निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतर्क निगरानी तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने गो-तस्करी, साइबर अपराध एवं अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध अभियान को निरंतर जारी रखने और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर विशेष बल दिया।
नवागत ADG ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महिला संबंधी मामलों में संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पुलिस पेंशनरों एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति भी गंभीरता एवं संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में ADG नवीन अरोड़ा ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। पारदर्शी कार्यशैली, जवाबदेही और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।