काशी के घाट खुद सुनाएंगे अपना इतिहास, देव दीपावली पर नमो घाट से शुरू हुई अनोखी डिजिटल सुविधा!
वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर नमो घाट पर पर्यटन को नई डिजिटल सुविधा से जोड़ने की पहल की गई। गंगा तट पर सूर्यास्त के समय दीप प्रज्वलन के बाद मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ऑडियोबुक और ऑडियो टूर सुविधा का शुभारंभ किया।
इस व्यवस्था के शुरू होने से देश-विदेश से काशी आने वाले पर्यटक घाटों की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आसानी से जान सकेंगे।
यह सुविधा जीपीएस आधारित तकनीक पर काम करेगी। इसके माध्यम से पर्यटक बिना किसी गाइड की मदद लिए अपनी सुविधा और रुचि के अनुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे। भ्रमण के दौरान उन्हें संबंधित घाटों के इतिहास, धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक महत्व की जानकारी ऑडियो के जरिए मिलेगी। इससे पर्यटकों को काशी की विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली के महापर्व को लेकर काशी में देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। शाम को गंगा किनारे घाटों पर लाखों दीपों की जगमगाहट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दीपों से सजे घाटों का नजारा देखकर पर्यटकों ने खुद को सौभाग्यशाली बताया।
नमो घाट पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में खाद्य एवं आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, लघु उद्योग मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ऑडियो टूर और ऑडियोबुक की शुरुआत को काशी की पर्यटन सुविधाओं में डिजिटल विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इससे पर्यटकों को घाटों के भ्रमण के साथ उनके पीछे छिपी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक कहानियों को भी जानने का अवसर मिलेगा।