त्रिनेत्र भवन पहुंचे नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वाराणसी। नवागत नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को त्रिनेत्र भवन स्थित काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (KICCC) का औचक निरीक्षण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संचालन व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर में संचालित विभिन्न सेवाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने CCTV कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और यातायात व्यवस्था की निगरानी से जुड़ी कार्यप्रणाली को समझा। इसके बाद उन्होंने वाराणसी स्मार्ट सिटी कार्यालय का भी निरीक्षण किया और शहर में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति एवं कार्यप्रणाली के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
CCTV फुटेज के लिए परेशान महिला की सुनी शिकायत
निरीक्षण के दौरान नागरिकों की समस्याओं के प्रति नगर आयुक्त की संवेदनशीलता भी सामने आई। कार्यालय से बाहर निकलते समय उनकी मुलाकात CCTV कैमरे की फुटेज प्राप्त करने के लिए पहुंची एक महिला से हुई। महिला ने अपनी समस्या बताई तो नगर आयुक्त ने स्वयं उससे बातचीत कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल CCTV फुटेज उपलब्ध कराने और महिला की शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शहर की निगरानी, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां स्थापित CCTV कैमरों के माध्यम से शहर की विभिन्न गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। ऐसे में नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर इनके प्रभावी संचालन और नागरिकों को समयबद्ध सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त के इस शुरुआती निरीक्षण से स्पष्ट है कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी की कार्यप्रणाली के साथ नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण पर भी उनकी नजर रहेगी। अब संबंधित विभागों के सामने व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की चुनौती होगी।