निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नगर आयुक्त सख्त, सुंदरपुर और ट्रॉमा सेंटर रोड का किया औचक निरीक्षण

निर्माण में देरी और फिनिशिंग की खामियों पर ठेकेदार को लगाई फटकार, अतिक्रमण हटाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
 

वाराणसी। शहर में चल रहे सड़क निर्माण और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सुंदरपुर और ट्रॉमा सेंटर मार्ग का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति और फिनिशिंग में कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के फेज-1 और फेज-3 के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की स्थिति देखी। इसके अलावा भगवानपुर क्षेत्र में सीमलेस वे के तहत निर्माणाधीन सीसी रोड तथा गलियों में सड़क और खड़ंजा निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के फेज-3 के कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण को तत्काल हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा। वहीं, ट्रॉमा सेंटर और सुंदरपुर मार्ग के निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुंदरपुर मार्ग की फिनिशिंग में सुधार के निर्देश

सुंदरपुर मार्ग पर अधिकांश निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद फिनिशिंग से जुड़ी कुछ कमियां सामने आईं। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लांटर्स में सीएनसी कटिंग वाली जाली लगाने को कहा, जिससे पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही कर्व स्टोन में एकरूपता बनाए रखने और निर्माण कार्य की फिनिशिंग बेहतर करने के निर्देश दिए।

ट्रॉमा सेंटर के पास चौड़ा किया जाएगा मोड़

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ट्रॉमा सेंटर से सीएम ग्रिड रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप स्थित मोड़ को चौड़ा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता आगम कटियार, संबंधित अवर अभियंता, तकनीकी सहायक और ठेकेदार के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में केवल निर्माण पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और बेहतर फिनिशिंग भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।