मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, हवन-पूजन कर किया शांति पाठ

 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को वाराणसी स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद हवन-पूजन एवं शांति पाठ के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सहयोगी दल नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह ने हवन-पूजन एवं शांति पाठ सम्पन्न कराया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, जनसेवा और समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उनके निधन से देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया।

शशि प्रताप सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों, किसानों, नौजवानों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। उनके विचार, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और संघर्षशील जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक सफर, सामाजिक योगदान और समाजवादी विचारधारा पर प्रकाश डाला। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के साथ नेशनल इक्वल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, पूर्व जिलाध्यक्ष आत्माराम यादव, गोपाल पांडेय, संतोष यादव, दिनेश यादव, लोकगायक किशन दीक्षित, ओपी सिंह, अखिलेश मिश्रा और अब्दुल समद अंसारी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन नेताजी के विचारों को आत्मसात करने और समाजवादी मूल्यों के अनुरूप समाज के कमजोर वर्गों के हित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।