वाराणसी समेत पूर्वांचल में मानसून की विदाई के संकेत, धूप और उमस बढ़ाएगी असर
वाराणसी। वाराणसी समेत पूर्वांचल में मौसम अब धीरे-धीरे बदलाव की ओर बढ़ रहा है। मानसून की सक्रियता कम होने के साथ बादलों की आवाजाही में भी कमी आने के संकेत हैं। वातावरण में नमी घटने और रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने लगा है। सितंबर के मध्य में कांस के फूलों का खिलना भी मौसम में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में गुलाबी ठंडक का असर बढ़ने की उम्मीद है।
शुक्रवार की सुबह वाराणसी में वातावरण में नमी बनी रही और आसमान में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिली। नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में हल्का कुहासा भी नजर आया। हालांकि सुबह करीब नौ बजे के बाद धूप तेज होने लगी। धूप निकलने के साथ ही उमस का असर बढ़ गया और सुबह दस बजे के बाद लोगों को गर्मी और पसीने का सामना करना पड़ा। दोपहर में भी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम होने की दिशा में है। तड़के तीन से पांच बजे के बीच हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने तथा वातावरण में नमी कम होने की संभावना है। इससे मौसम में गुलाबी ठंडक का असर बढ़ेगा और लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह करीब तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इसके बाद मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। हालांकि दिन के समय उमस कुछ समय तक बनी रह सकती है।
बीते 24 घंटे में वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। इस दौरान 34.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम 83 प्रतिशत रही। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट के साथ उमस से राहत मिलने की संभावना है।