वाराणसी समेत पूर्वांचल में मानसून सक्रिय, बारिश से गर्मी और उमस से राहत

सप्ताहभर बारिश के आसार, किसानों ने तेज की खरीफ फसलों की तैयारी
 
वाराणसी समेत पूर्वांचल में मानसून सक्रिय, बारिश से गिरी तापमान की तपिश, उमस से मिली राहत

 

वाराणसी। पूर्वांचल में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। वाराणसी सहित आसपास के जिलों में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी पूरे सप्ताह क्षेत्र में बादल छाए रहने और बीच-बीच में वर्षा होने की संभावना जताई है।

करीब नौ दिन की देरी से 30 जून को पूर्वांचल में पहुंचे मानसून के बाद से मौसम लगातार सुहावना बना हुआ है। हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, दिन में धूप निकलने पर स्थानीय ऊष्मा (लोकल हीटिंग) के चलते उमस बनी रह सकती है, लेकिन पुरवा हवा के प्रभाव से मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहेगा।

सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक वाराणसी, आजमगढ़ समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में कमी आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में भी मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे क्षेत्र में समय-समय पर बारिश होती रहेगी।

बारिश के बाद कृषि कार्यों में भी तेजी आने लगी है। किसान खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं और मानसून की सक्रियता को खेती के लिए अनुकूल माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस अवधि में न्यूनतम आर्द्रता 50 प्रतिशत तथा अधिकतम 70 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में स्थानीय ऊष्मा बढ़ने के साथ मानसूनी बादलों की सक्रियता और तेज हो सकती है, जिससे पूर्वांचल के विभिन्न हिस्सों में अच्छी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।