पारंपरिक भजनों पर आधुनिक संगीत का तड़का, गंगा महोत्सव की पहली शाम रही खास
वाराणसी। धर्म और आधुनिकता के अनूठे संगम के रूप में शुक्रवार को नमो घाट पर गंगा महोत्सव की पहली शाम यादगार बन गई। चार दिवसीय गंगा महोत्सव के शुभारंभ पर आयोजित ‘काशी भजन क्लबिंग’ में पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ प्रस्तुत किया गया। भक्ति संगीत के इस नए अंदाज ने विशेष रूप से युवाओं को आकर्षित किया। कार्यक्रम में युवाओं ने भजनों की धुन पर तालियां बजाकर और झूमकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस आयोजन की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आयोजित भजन क्लबिंग ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नमो घाट पर हुए इस कार्यक्रम में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उनका जोश वाकई देखने लायक था।
गंगा महोत्सव की पहली शाम को खास बनाने के लिए नमो घाट पर भव्य मंच, आधुनिक साउंड सिस्टम और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। गंगा की लहरों के किनारे संगीत और भक्ति का ऐसा वातावरण तैयार किया गया, जिसमें पारंपरिक धार्मिक प्रस्तुतियों को समकालीन संगीत शैली के साथ जोड़ा गया। इस बार आयोजन में नई पीढ़ी और खासकर जेन-जी की रुचि को ध्यान में रखते हुए भजन क्लबिंग की अवधारणा को शामिल किया गया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गंगा महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आधुनिक संगीत और नई प्रस्तुति शैली के जरिए पारंपरिक भजनों को युवा पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाने की पहल की गई है।
कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, बैठने और आवागमन की व्यवस्थाएं भी की गई थीं। आयोजन ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति और भक्ति परंपरा को आधुनिक माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। काशी की धार्मिक पहचान के साथ संगीत के इस नए प्रयोग ने गंगा महोत्सव के आगाज को खास बना दिया।