मिशन शक्ति 6.0: सिगरा थाने में पांच महिलाओं का सम्मान, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर किया गया सम्मानित
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 6.0 के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को थाना सिगरा परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान पूर्व में पारिवारिक विवादों का सामना कर चुकीं और मिशन शक्ति टीम के प्रयासों से समस्याओं का समाधान पाने वाली पांच महिलाओं को पुष्पगुच्छ, गुलाब का फूल, मिष्ठान और मिशन शक्ति पंपलेट देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस के अनुसार, शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शुरू किए गए मिशन शक्ति 6.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी और नोडल अधिकारी/अपर पुलिस उपायुक्त, महिला एवं अपराध के निर्देशन में थाना सिगरा की मिशन शक्ति टीम ने यह कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकान्त मिश्रा और मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही महिलाओं को मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट देकर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पिछले वर्ष कुछ महिलाओं के पारिवारिक विवाद सामने आए थे। थाना सिगरा की मिशन शक्ति टीम ने संबंधित मामलों में बातचीत और समझाइश के माध्यम से विवाद शांत कराने तथा महिलाओं की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया था। पुलिस का कहना है कि इन प्रयासों के बाद संबंधित महिलाएं अपने परिजनों के साथ खुशी से रह रही हैं। इन्हीं प्रयासों और पारिवारिक संबंधों में सुधार के प्रतीक के रूप में उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सोना मौर्या, कोमल, अंजली भारद्वाज, बिलकिस और वंदना चौरसिया को सम्मान प्रदान किया गया। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने समाज में महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।