नेपाल से लापता छात्र को वाराणसी में मिली सुरक्षित पनाह, जीआरपी-आरपीएफ ने परिजनों को सौंपा

चार दिन की तलाश के बाद वाराणसी में मिला चंदन, बीएचयू के छात्रों ने पुलिस तक पहुंचाई सूचना
 

वाराणसी। नेपाल की राजधानी काठमांडू से चार दिन पहले लापता हुआ 12वीं कक्षा का छात्र चंदन यादव वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। कैंट जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार रात स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 से छात्र को खोज निकाला गया। नाबालिग होने के कारण उसे पहले चाइल्ड लाइन और बाल संरक्षण विभाग की निगरानी में रखा गया। रविवार को नेपाल से पहुंचे परिजन आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अपने साथ ले गए।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के धनुषा जिले के शहीदनगर नगरपालिका निवासी चंदन यादव छठ पर्व मनाने के बाद काठमांडू लौटा था। वह काठमांडू स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है। बताया जाता है कि काठमांडू पहुंचने के बाद उसने बालकुमारी पुल से शांतिनगर स्थित अपने कमरे तक जाने के लिए टैक्सी ली थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह लापता हो गया। काफी देर तक कमरे पर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और काठमांडू पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।

चार दिन बाद चंदन के मोबाइल नंबर से परिजनों के फोन पर एक संक्षिप्त वॉयस मैसेज आया। इसमें उसके वाराणसी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने बीएचयू में कृषि विषय की पढ़ाई कर रहे छात्र ओम झा, अंकित मिश्रा और कृतिका यादव से संपर्क किया। तीनों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए यूपी-112 और कैंट जीआरपी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने स्टेशन पर तलाश शुरू की। दिल्ली की एक संस्था से भी छात्र के कैंट स्टेशन पर मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-9 से उसे बदहवास हालत में बरामद कर लिया।

बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह के अनुसार, बरामदगी के बाद छात्र को चाइल्ड लाइन के माध्यम से रामनगर स्थित किशोर गृह में रखा गया था। नेपाल से पहुंचे परिजनों को सूचना दी गई और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद छात्र को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं, कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि छात्र रक्सौल बॉर्डर के रास्ते ट्रेन से वाराणसी पहुंचा था। हालांकि काठमांडू से रक्सौल तक वह किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी स्पष्ट जानकारी छात्र नहीं दे सका। मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।