नाबालिग को बहला-फुसलाकर बनाया अश्लील वीडियो, पांच लाख की मांग का आरोप

 
 वाराणसी। थाना भेलूपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील वीडियो व फोटो तैयार करने तथा उन्हें डिलीट करने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के नेतृत्व में थाना भेलूपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने मु0अ0सं0-0271/2026 धारा 65(1)/308(3)/126(2)/352/351(2) बीएनएस व 3/4(2) पॉक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त आदित्य श्रीवास्तव पुत्र संजय श्रीवास्तव निवासी कर्दमेश्वर नगर, कंदवा थाना मडुवाडीह को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।

प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी नाबालिग छात्रा को स्कूल जाते समय रास्ते में रोकता था और बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। आरोप है कि उसने अश्लील वीडियो और फोटो भी तैयार किए तथा उन्हें डिलीट करने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमलाल सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार एवं सूरज कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।