वाराणसी में फिर झमाझम बारिश के संकेत, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
वाराणसी। पूर्वांचल में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 24 से 26 सितंबर तक वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
सोमवार सुबह वाराणसी में आसमान बादलों से घिरा रहा और उमस का असर महसूस हुआ। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ पुरवा हवाएं चलने लगीं और बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर तक आसमान काफी हद तक साफ हो गया। सुबह के समय हवा में हल्की ठंडक महसूस होने से मौसम में बदलाव के संकेत भी नजर आए। कई घरों में कूलर और एसी का इस्तेमाल पहले की अपेक्षा कम होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। यलो अलर्ट के दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इधर, पूर्वांचल में सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक के साथ कुहासे का असर भी कुछ आंचलिक क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच माना जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से सुबह-शाम गुलाबी ठंडक का असर बढ़ सकता है। अक्टूबर की शुरुआत के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
वाराणसी में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। वातावरण में न्यूनतम आर्द्रता 81 और अधिकतम 87 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम में बदलाव और आगामी बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।