व्यापारियों के सम्मान और एकता का संदेश, काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल का स्थापना दिवस संपन्न

 


वाराणसी। काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल का 14वां स्थापना दिवस एवं संगीतमय संध्या समारोह मंगलवार को नवलपुर स्थित द रॉयल ग्रीन गार्डन में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति नृत्यांगना पलक ने दी। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया।

संगीतमय संध्या में गायिका प्रियंका पांडेय एवं उनके साथियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को देर तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि देश की प्रगति में व्यापारी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारी अपनी पूंजी निवेश कर न केवल व्यापार को बढ़ावा देता है, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित करता है।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व मंत्री मीना चौबे ने कहा कि व्यापारी समाज देश का आर्थिक सैनिक है, जो राष्ट्र की उन्नति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है। वहीं बनारस बार के पूर्व उपाध्यक्ष बिनीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास में व्यापार मंडल की अहम भूमिका रही है तथा व्यापारी समाज देश का भामाशाह है।

व्यापार मंडल के संस्थापक राजेश श्रीवास्तव ने व्यापारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए व्यापारिक आयोग के गठन के लिए संयुक्त प्रयास करने की आवश्यकता बताई। अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय रहा है। गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, 'नेकी की दीवार', स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर जैसे कार्य इसकी पहचान हैं।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यापारियों को 'अनमोल रत्न' सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह में प्रदेश अध्यक्ष (महिला मोर्चा) भाजपा जन कल्याण मंच पूजा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष (महिला मोर्चा) सोनी सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष सौरभ कुमार सिंह, अनुराग सिंह बादल सहित नगर उद्योग व्यापार मंडल के संजीव सिंह बिल्लू, प्रतीक गुप्ता, राजेश त्रिवेदी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राजेश श्रीवास्तव एवं पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक डॉ. ए.पी. सिंह ने दिया। समारोह में 800 से अधिक व्यापारी एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।