वाराणसी में गूंजा ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने निकाली यात्रा
वाराणसी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से तिरंगा जागरूकता यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
यात्रा का शुभारंभ विकास भवन स्थित जिला मुख्यालय से सहायक उप नियंत्रक विवेक कुमार एवं पार्षद अशोक मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद स्वयंसेवक विभिन्न मार्गों से होते हुए अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिविजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर तिरंगे के सम्मान के साथ देशभक्ति की भावना को मजबूत करे और अभियान से जुड़े।
डिप्टी डिविजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और सुदृढ़ करना है। उन्होंने नागरिकों से अभियान को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश देते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।