मार्कण्डेय धाम में जन कल्याण हेतु सामूहिक रुद्राभिषेक का हुआ आयोजन
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के कैथी स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मार्कण्डेय महादेव धाम में सोमवार को जनकल्याण हेतु सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने शिव जी की पूजा-अर्चना करते हुए दूध एकत्रित कर सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक किया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान रामानंद पाण्डेय एवं सुजीत विश्वकर्मा सहित अन्य यजमानों का पूजन कार्य आचार्य शोभित मिश्र की वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया गया। आचार्य मिश्र ने रुद्राभिषेक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे न केवल वातावरण शुद्ध होता है बल्कि समाज में शांति और कल्याण की भावना भी जागृत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि रुद्राभिषेक विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए आवश्यक है और इसकी परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है।
आयोजन समिति के प्रबंधक आशीष पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन पूर्णतः जनकल्याण की भावना से किया गया है। कार्यक्रम की अगली कड़ी में मंगलवार को सुंदरकांड पाठ व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। साथ ही रात्रिकालीन रामायण एवं सुंदरकांड की संगीतमय प्रस्तुति भी कलाकारों द्वारा दी जाएगी।
कार्यक्रम का समापन 24 जून को विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा। आयोजन के दौरान बबलू जी, सच्चिदानंद जी, राजन जी, दीपक जी, विनय जी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।