मनीष सिंह हत्याकांड में दो इनामी आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

 

 

वाराणसी। युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों ने शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देते हुए वाराणसी कोर्ट पहुंचे और सीजेएम मनीष कुमार की अदालत में सरेंडर कर दिया। अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार भरथरा निवासी उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस को लंबे समय से घमहापुर निवासी नागेंद्र राजभर और गोविंद राजभर की तलाश थी। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश के बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।

शुक्रवार को दोनों आरोपी अचानक अदालत पहुंचे और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मनीष कुमार की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।

बताया जा रहा है कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम सक्रिय है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।