वाराणसी में बड़ा पुलिस फेरबदल! एसओजी-2 भंग, तीन थाना प्रभारियों का तबादला, लापरवाही पर गिरी गाज
वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने क्राइम समीक्षा बैठक में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी-2 को भंग कर दिया। कैंट, सिगरा, रामनगर और मिर्जामुराद थानों में फेरबदल किया गया। कई अधिकारियों को लाइन हाजिर कर सख्त निर्देश जारी किए गए।
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को आयोजित सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कई बड़े प्रशासनिक फैसले लिए। अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर एसओजी-02 भंग कर दी गई, जबकि कई थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब वही अधिकारी थानाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, जो जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। बैठक में कार्य में शिथिलता बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई अधिकारियों को लाइन हाजिर किया गया।
तीन थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
जारी आदेश के अनुसार इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा को कैंट थाना प्रभारी से सिगरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा को रामनगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामनगर थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय को कैंट थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद थाने की कमान दी गई है। रोडवेज चौकी प्रभारी गौरव सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि पुलिस आयुक्त के पीआरओ विकास सिंह को रोडवेज चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
एसओजी-2 टीम भंग
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एसओजी-02 टीम को तत्काल प्रभाव से भंग करने का आदेश दिया। टीम के सभी कर्मियों को पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि नई टीम का गठन जल्द किया जाएगा।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, गोतस्करी, चोरी और एनडीपीएस मामलों पर विशेष सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और अपराधियों पर गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने को कहा।
यातायात और प्रशिक्षण पर भी जोर
क्राइम समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और रांग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने के लिए भी सतर्कता बरतने को कहा गया।
साथ ही नए भर्ती आरक्षियों को प्रतिदिन इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण देकर बीट ड्यूटी और जनसंपर्क से संबंधित व्यावहारिक जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त का सख्त संदेश
पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाना स्तर पर जनता की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।