काशी पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बाबतपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
वाराणसी। बनारस के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के काशी पहुंचते ही एयरपोर्ट परिसर में स्वागत का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत करने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मंत्री राकेश सचान, स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, डॉ विजय यादव, संदीप केसरी सहित कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी शामिल रहे।
इसके अलावा भाजपा किसान मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्र उपाध्यक्ष शैलेश पाण्डेय भी स्वागत कार्यक्रम में मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखा गया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और काशी में उनके दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।