प्रह्लाद घाट पर गंगा आरती की तर्ज पर मां दुर्गा की महाआरती, लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र

पांच ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान से की महाआरती, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
 

वाराणसी। आदमपुर क्षेत्र के प्रह्लाद घाट चौराहे पर बाल स्पोर्टिंग क्लब की ओर से स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मां गंगा की आरती की तर्ज पर आयोजित इस महाआरती को देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं, पंडाल के अंदर आयोजित लेजर शो भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।

 

क्लब अध्यक्ष राकेश केशरी ने बताया कि गंगा आरती की थीम पर पंडाल के समीप विशेष मंच तैयार किया गया था। शाम को शुरू हुई महाआरती देर रात तक चली। इस दौरान पांच ब्राह्मण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शंखनाद, घंटियों की गूंज और दीपों की रोशनी के बीच अगरबत्ती व कपूर से मां दुर्गा की आरती की गई। आरती के समापन पर मां के चरणों में पुष्प अर्पित किए गए और पुष्पवर्षा की गई।

 

महाआरती के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मां दुर्गा के दर्शन और आरती की भव्यता देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडाल के पास एकत्र हुए। लोगों ने इस मनोहारी दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। गंगा आरती की तर्ज पर आयोजित इस विशेष महाआरती को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

क्लब के संरक्षक सुशील गुप्ता, सदन केशरी और कैलाश साहनी ने बताया कि बाल स्पोर्टिंग क्लब की स्थापना वर्ष 1974 में स्वर्गीय मार्कंडेय गुप्ता और मोहल्ले के संभ्रांत लोगों ने की थी। उन्होंने कहा कि क्लब धार्मिक आयोजनों के साथ ही सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। क्लब की ओर से वर्षों से गरीबों और असहाय लोगों की सहायता की जाती रही है।