वाराणसी में 1.79 करोड़ की नई सीवर लाइन का शिलान्यास, सोनकर बस्ती को वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी राहत

 
वाराणसी के कज्जाकपुरा में महापौर अशोक कुमार तिवारी और विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 1.79 करोड़ रुपये की नई सीवर पाइपलाइन परियोजना का शिलान्यास किया। परियोजना से राजघाट, हनुमान फाटक और सोनकर बस्ती के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा चौराहे के समीप वर्षों से सीवर समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने लगभग ₹1.79 करोड़ (178.98 लाख रुपये) की लागत से ट्रेंचलेस तकनीक के माध्यम से नई सीवर पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया।

नई सीवर लाइन के निर्माण से राजघाट वार्ड-15, हनुमान फाटक वार्ड-67 और कज्जाकपुरा स्थित सोनकर बस्ती के हजारों लोगों को लंबे समय से चली आ रही सीवर की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सीवर का पानी घरों में घुस जाता था, जिससे काफी परेशानी होती थी।

ट्रेंचलेस तकनीक से होगा निर्माण

परियोजना के तहत बिना सड़क को अधिक नुकसान पहुंचाए ट्रेंचलेस तकनीक से नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इससे यातायात भी कम प्रभावित होगा और कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

सीवर और जलकर पाइपलाइन का कार्य साथ-साथ

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा तथा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के मार्गदर्शन में सीवर लाइन के साथ-साथ जलापूर्ति पाइपलाइन का कार्य भी समानांतर रूप से कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।

लाट भैरव पोखरे का भी होगा कायाकल्प

महापौर ने बताया कि प्राचीन लाट भैरव पोखरे में पानी को स्वच्छ रखने के लिए आधुनिक सफाई मशीन स्थापित की जाएगी। यह मशीन पोखरे में जमा जलकुंभी और अन्य गंदगी को साफ करेगी, जिससे पानी की गुणवत्ता बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में बाबा लाट भैरव के जलाभिषेक के लिए इसी स्वच्छ जल का उपयोग किया जाएगा।

इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने 'बाबा लाट भैरव' के जयकारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।

जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद रानी सोनकर, विजय सोनकर, रोहित जायसवाल, लक्की भारद्वाज, नामित पार्षद सुधीर त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, तारकेश्वर नाथ गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्रा, विजय मौर्या, निर्मल केशरी, सुनील बाधवानी, रवि सोनकर, कमलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।