संपत्तिकर में 12% तक की छूट का अंतिम मौका, 15 जुलाई के बाद देना होगा पूरा टैक्स

 नगर निगम की कर छूट योजना अंतिम चरण में, तेजी से बढ़ रही करदाताओं की संख्या
 
 15 जुलाई तक जमा करें गृहकर, जलकर और सीवरकर, पाएं 12% तक की छूट

 

वाराणसी। नगर निगम द्वारा गृहकर, जलकर एवं सीवरकर पर दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाने के लिए भवन स्वामियों के पास अब केवल दो दिन का समय शेष है। 15 जुलाई के बाद करदाताओं को बिना किसी रियायत के पूरा कर जमा करना होगा। ऐसे में नगर निगम ने नागरिकों से समय रहते कर जमा कर छूट का लाभ लेने की अपील की है।

छूट की समय-सीमा समाप्त होने से पहले नगर निगम के कर संग्रह केंद्रों तथा ऑनलाइन पोर्टल पर करदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को शहर के 3,200 भवन स्वामियों ने लगभग तीन करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा किया। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में 27 भवन स्वामियों ने नगर निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन भी किया।

नगर निगम के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 66,342 भवन स्वामियों ने कुल 50.41 करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा किया है। इनमें 27,757 भवन स्वामियों ने ऑनलाइन माध्यम से 28.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जो डिजिटल भुगतान के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर सभी उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने पर दो प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस प्रकार ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को कुल 12 प्रतिशत तक की रियायत का लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि भवन स्वामी नगर निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 86018 72601 पर 'हाय' संदेश भेजकर भी अपना डिजिटल बिल प्राप्त कर सकते हैं और सुरक्षित रूप से ऑनलाइन कर जमा कर सकते हैं। नगर निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए निर्धारित तिथि से पहले कर जमा कर छूट का लाभ अवश्य उठाएं।