काशी में 29 नवंबर को कथक महोत्सव, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
वाराणसी। नटराज संगीत अकादमी की ओर से आयोजित 31वां कथक महोत्सव आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को अस्सी घाट स्थित पं. बिरजू महाराज मंच पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा। महोत्सव में बनारस के साथ देश के विभिन्न शहरों से आए कलाकार कथक नृत्य और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
अकादमी की निदेशक संगीता सिन्हा ने बताया कि संस्था पिछले 30 वर्षों से लगातार कथक महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसमें अकादमी की छात्राओं के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिष्ठित एवं उभरते कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन पहले 22 वर्षों तक डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर हुआ। इसके बाद दो वर्षों तक अस्सी घाट पर आयोजित किया गया। वर्ष 2017 में महोत्सव के 25 वर्ष पूरे होने पर इसकी सिल्वर जुबली मनाई गई। प्रत्येक वर्ष इस आयोजन में गुरु पं. बिरजू महाराज की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही है।
संगीता सिन्हा ने कहा कि यह महोत्सव बनारस का एक विशिष्ट सांस्कृतिक आयोजन है। इसका उद्देश्य गुरु पं. बिरजू महाराज की कथक परंपरा को आगे बढ़ाना और देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के माध्यम से काशीवासियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत से परिचित कराना है।
इस वर्ष महोत्सव में नटराज संगीत अकादमी की वाराणसी एवं मुंबई शाखा की छात्राएं कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं, मुंबई से पहली बार बनारस आ रहीं निधि पम एकल कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा दिल्ली की प्रतिष्ठित कलाकार गौरी दिवाकर भी एकल कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी।
संगीत पक्ष में तबले पर दिल्ली के अखिलेश भट्ट, बनारस के उदय शंकर मिश्रा और सिद्धार्थ चक्रवर्ती संगत करेंगे। बांसुरी पर अभिषेक माधुरव अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, गायन एवं हारमोनियम पर आनंद किशोर मिश्रा और मोहित साहनी तथा शंख वादन पर दिल्ली के शंकुमोय सेन अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
अकादमी की निदेशक संगीता सिन्हा ने संगीत एवं नृत्य प्रेमियों से महोत्सव में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।