वाराणसी में काशी-ए-रनवे कार्यक्रम फिलहाल स्थगित, मार्च में नई तिथि पर होगा आयोजन

 

वाराणसी। शहर के चर्चित आयोजन स्थलों में शामिल नमो घाट पर 28 फरवरी 2026 को प्रस्तावित “काशी-ए-रनवे” कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम सामाजिक संस्था दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं ईडी स्मार्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाना था।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय पारंपरिक परिधानों के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सर्विक्स कैंसर के प्रति जनजागरूकता फैलाना था। हालांकि आयोजन से एक दिन पूर्व ईडी स्मार्ट के चेयरमैन हर्ष चतुर्वेदी द्वारा वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर कार्यक्रम आयोजित न करने का अनुरोध किया गया, जिसके बाद इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

पत्रकार वार्ता के दौरान दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की अध्यक्षा पूजा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम से संबंधित स्पॉन्सरशिप के विषय में संस्था को पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। इस मुद्दे पर बातचीत के दौरान मतभेद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद अचानक कार्यक्रम निरस्त करने के लिए प्रशासन को पत्र सौंप दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था की ओर से कार्यक्रम को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल टाल दिया गया है। इस संबंध में स्मार्ट सिटी और नगर निगम अधिकारियों से बातचीत भी की गई है।

पूजा सिंह ने बताया कि “काशी-ए-रनवे” कार्यक्रम अब मार्च माह में आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। नई तिथि जल्द ही तय कर मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि नई तारीख के साथ कार्यक्रम को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जाएगी।