काशी को मिलेगी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई पहचान, 2,870 करोड़ से बाबतपुर में चल रहा मेगा विस्तार
वाराणसी। काशी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर के विस्तारीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट की तस्वीर पूरी तरह बदलने की उम्मीद है। इसी क्रम में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने एयरपोर्ट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार और एनएच-56 पर बन रहे एयरपोर्ट रनवे अंडरपास का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जुलाई 2027 तक तैयार होगा नया टर्मिनल
एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन का लगभग 71 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसे जुलाई 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नया टर्मिनल प्रतिवर्ष करीब 99 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता से विकसित किया जा रहा है। इसमें आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
649 करोड़ से बन रहा रनवे के नीचे अंडरपास
एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत एनएच-56 पर लगभग 649.44 करोड़ रुपये की लागत से 2.89 किलोमीटर लंबा अंडरपास बनाया जा रहा है। इस परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मंडलायुक्त ने एनएचएआई और संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। अंडरपास तैयार होने से एयरपोर्ट के रनवे के नीचे सड़क यातायात का निर्बाध संचालन संभव होगा। इससे रनवे विस्तार और सड़क यातायात के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा बाबतपुर एयरपोर्ट
करीब 2,870 करोड़ रुपये की इस विस्तारीकरण परियोजना में नए टर्मिनल भवन के अलावा रनवे का विस्तार, समानांतर टैक्सी-वे, नए एप्रन और स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। एयरपोर्ट को पर्यावरण के अनुकूल हरित हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की भी योजना है।
पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना पूरी होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यावसायिक यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पूर्वांचल के पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना की निगाहें वर्ष 2027 की निर्धारित समय-सीमा पर टिकी हैं। यदि सभी निर्माण कार्य तय समय पर पूरे होते हैं, तो बाबतपुर एयरपोर्ट आधुनिक विमानन सुविधाओं के मामले में एक नई पहचान स्थापित कर सकेगा।