सावन में काशी रहेगी फुल अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम की विशेष तैयारी
वाराणसी। सावन माह में काशी आने वाले लाखों शिवभक्तों एवं कांवड़ियों की सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, प्रकाश व्यवस्था और यातायात मार्गों को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत नगर निगम द्वारा क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया जाएगा, जो किसी भी समस्या का मौके पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्री काशी विश्वनाथ धाम, प्रमुख शिवालयों, गंगा घाटों तथा उन्हें जोड़ने वाली गलियों में प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मार्गों से अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं की रोकथाम तथा शहर को भिक्षामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
पंचक्रोशी यात्रा को ध्यान में रखते हुए पूरे यात्रा मार्ग की मरम्मत, विशेष सफाई एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न कांवड़ शिविरों में शुद्ध पेयजल, डस्टबिन, चूना छिड़काव तथा अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी भी नगर निगम को सौंपी गई है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सावन के दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। सीवर जाम की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जेटिंग मशीनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी स्थान पर जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
नगर निगम की विशेष कार्ययोजना के तहत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर महादेव, महामृत्युंजय महादेव, सारंगनाथ महादेव, कर्दमेश्वर महादेव, पातालेश्वर महादेव, ओंकारेश्वर महादेव, बिंदु माधव, मल्लिकार्जुन महादेव, केदारनाथ महादेव सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।