काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्र का तबादला, उप सचिव की मिली जिम्मेदारी
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्वभूषण मिश्र का रविवार देर रात तबादला कर दिया गया। शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार उन्हें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उप सचिव के पद पर तैनाती दी गई है। विश्वभूषण मिश्र ने दो फरवरी 2024 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ का पदभार संभाला था। वह ढाई वर्ष से अधिक समय तक मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभालते रहे।
अपने कार्यकाल के दौरान विश्वभूषण मिश्र ने काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई कार्यों में उनकी भूमिका रही।
धाम परिसर में वायु प्रदूषण से बचाव के लिए एयर फिल्टर लगाए जाने की पहल भी उनके कार्यकाल में हुई। वर्तमान में परिसर में एयर फिल्टर की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अलावा मंदिर प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी कई स्तरों पर व्यवस्थाओं में सुधार की पहल की गई।
तबादला सूची में पीसीएस अधिकारी वरखा सिंह का नाम भी शामिल है। उन्हें वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर कार्यरत थीं। अब वह वाराणसी नगर निगम में नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
विश्वभूषण मिश्र के तबादले के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी की तैनाती को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। काशी विश्वनाथ धाम के विस्तार और लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच सीईओ का पद मंदिर प्रशासन में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
नए सीईओ के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना और धाम में चल रहे विकास एवं व्यवस्थागत कार्यों को आगे बढ़ाने की अहम जिम्मेदारी होगी।