देव दीपावली पर 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, गंगा में पहली बार लागू होगा टू-वे लेन सिस्टम

 

 वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में देव दीपावली 2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा के पक्के घाटों, रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस बार आयोजन की खासियत केवल दीपों की रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि गंगा में नावों के संचालन के लिए लागू होने वाली नई यातायात व्यवस्था भी होगी।

देव दीपावली के दौरान नमो घाट से अस्सी घाट तक नावों के आवागमन के लिए पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत आने और जाने वाली नावों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे गंगा में नावों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव

देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

गंगा महाआरती और ड्रोन शो से सजेगी देव दीपावली की शाम

24 नवंबर की शाम दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी। चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो के माध्यम से काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहेगा। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की भी तैयारी है। इस बार स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपक भी दीपोत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।

सुरक्षा के लिए 10 जोन और 27 वॉच टावर

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती की जाएगी।

गंगा में सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस को मुस्तैद रखा जाएगा। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी बनाया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

यातायात व्यवस्था के लिए सात डायवर्जन, 31 पार्किंग स्थल

देव दीपावली पर शहर में संभावित भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी न हो।

इस बार देव दीपावली पर काशी 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से आलोकित होगी। वहीं गंगा में नावों के लिए नई यातायात व्यवस्था, आधुनिक निगरानी तकनीक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम इस आयोजन को और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।