Kashi Tamil Sangama 2026 Internship: काशी तमिल संगमम में इंटर्नशिप का मौका! चयनित छात्रों को मिलेंगे 10 हजार रुपये

वाराणसी में काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत देशभर के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। चयनित छात्रों को ₹10,000 स्टाइपेंड दिया जाएगा। तिरुक्कुरल अध्ययन कार्यक्रम के लिए 22 नवंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा।
 

वाराणसी। काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में देशभर के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। चयनित छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा।

इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को तमिल के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल का विभिन्न भाषाओं में अध्ययन करने के साथ शोध कार्य का अवसर भी मिलेगा। इच्छुक विद्यार्थियों को 22 नवंबर तक पंजीकरण कराना होगा।

काशी तमिल संगमम 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक प्रस्तावित है। इसमें तमिल भाषा, साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना है। इसके तहत पांचवें वेद के रूप में प्रसिद्ध तिरुक्कुरल के अध्ययन पर विशेष जोर दिया जाएगा।

शोधपत्र तैयार करना होगा

इंटर्नशिप के लिए चयनित विद्यार्थियों को अपने फैकल्टी सुपरवाइजर या गाइड के मार्गदर्शन में एक शोधपत्र तैयार करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया काशी तमिल संगमम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी की जा सकती है। विद्यार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

 

अपनी पसंद की भाषा में दे सकेंगे परीक्षा

इंटर्नशिप के लिए विद्यार्थियों का मूल्यांकन 22 अक्टूबर से शुरू हो चुका है, जो 21 नवंबर तक चलेगा। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) सहित देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। संबंधित संस्थान आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा भी करा सकते हैं।

ऑनलाइन परीक्षा में विद्यार्थियों को 30 मिनट के भीतर 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। खास बात यह है कि अभ्यर्थी अपनी पसंद की भाषा में परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा के लिए लिंक और एक्सेस कोड संबंधित संस्थान के समन्वयक उपलब्ध कराएंगे।

मूल्यांकन में चयनित विद्यार्थियों को ई-मेल के माध्यम से व्यक्तिगत पंजीकरण का लिंक भेजा जाएगा। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को अपनी फोटो, पहचान पत्र, संस्थान प्रमुख के हस्ताक्षर और मुहर वाला नामांकन फॉर्म तथा फैकल्टी सुपरवाइजर या गाइड का विवरण तैयार रखना होगा।

 

नोडल अधिकारी करेंगे आवेदनों का सत्यापन

प्राप्त आवेदनों का संबंधित राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के नोडल अधिकारी सत्यापन करेंगे। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी करेगा। इसकी जानकारी ई-मेल और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से दी जाएगी।

तिरुक्कुरल पर राष्ट्रीय सम्मेलन कराएगा बीएचयू

काशी तमिल संगमम के शैक्षणिक सत्रों और कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी बीएचयू को सौंपी जाएगी। आयोजन के दौरान स्थल, सुरक्षा और स्थानीय व्यवस्थाओं में उत्तर प्रदेश सरकार तथा वाराणसी जिला प्रशासन सहयोग करेंगे।

इसके अलावा बीएचयू भारतीय भाषा समिति के साथ मिलकर तिरुक्कुरल पर वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान की ओर से संचालित ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ कार्यक्रम के राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार में भी विश्वविद्यालय की भूमिका रहेगी।

काशी तमिल संगमम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप में स्टाइपेंड के साथ शोध कार्य का अनुभव भी विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।