सीजन-4 के लिए काशी रुद्रास की नई जर्सी लॉन्च, तीसरे खिताब के लक्ष्य के साथ बाबा विश्वनाथ का लिया आशीर्वाद
वाराणसी। दो बार की यूपीटी20 लीग चैंपियन काशी रुद्रास ने शुक्रवार को आगामी सीजन-4 के लिए अपनी नई जर्सी का अनावरण किया। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन से की और ऐतिहासिक तीसरे खिताब का लक्ष्य दोहराया।
कप्तान करण शर्मा, मुख्य कोच ध्रुव सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के निदेशक जावेद अख्तर एवं टीम प्रबंधन ने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद नई जर्सी लॉन्च की। टीम ने सिगरा स्टेडियम में युवा क्रिकेटरों से मुलाकात कर उन्हें अनुशासन और मेहनत का संदेश दिया तथा गंगा आरती में शामिल होकर काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नमन किया।
कप्तान करण शर्मा ने कहा कि काशी रुद्रास की जर्सी केवल एक टीम नहीं, बल्कि काशी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है। वहीं मुख्य कोच ध्रुव सिंह ने कहा कि टीम इस बार भी निडर क्रिकेट खेलते हुए तीसरा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
हाल ही में आयोजित यूपीटी20 प्लेयर ऑक्शन के बाद काशी रुद्रास ने 18 सदस्यीय टीम को अंतिम रूप दिया है। टीम में करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्नव बलियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह शामिल हैं।
फ्रेंचाइज़ी ने बताया कि अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित संयोजन के साथ काशी रुद्रास इस बार लगातार तीसरा यूपीटी20 खिताब जीतकर नया इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।