काशी में सजा उत्तर-दक्षिण की संस्कृति का संगम, नमो घाट पर काशी-तमिल संगमम 5.0 का भव्य आगाज
वाराणसी। धर्म, संस्कृति और ज्ञान की प्राचीन परंपराओं को जोड़ने वाली काशी में शनिवार को उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का भव्य दृश्य देखने को मिला। नमो घाट पर काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण (5.0) का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, भाषाई एवं साहित्यिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्यक्रम से पहले उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान तमिलनाडु से संगमम में शामिल होने आए विद्यार्थियों ने भी बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच विद्यार्थियों का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से पुष्पवर्षा और डमरू वादन के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विद्यार्थियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।
1750 प्रतिनिधियों की सहभागिता
काशी-तमिल संगमम के इस संस्करण में तमिलनाडु से सात समूहों में लगभग 1750 प्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया प्रतिनिधि, शिल्पकार, महिलाएं, कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग और आध्यात्मिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के तहत बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी बीएचयू में विशेष शैक्षणिक सत्र, संवाद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर रहेगा विशेष जोर
इस बार संगमम की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। इसके माध्यम से तमिल साहित्य के महान कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना 'तिरुक्कुरल' के ज्ञान, नैतिक मूल्यों और जीवनोपयोगी शिक्षाओं को विद्यार्थियों एवं युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विशेष शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
नमो घाट पर दिखी दोनों संस्कृतियों की झलक
नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में तमिलनाडु और काशी की कला, संस्कृति एवं पारंपरिक उत्पादों से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। तमिलनाडु के पारंपरिक परिधान लुंगी, साड़ी और हस्तशिल्प उत्पादों के साथ बनारसी साड़ी एवं स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की लोक परंपराओं, संगीत और कला को मंच मिल रहा है।
आयोजन के दौरान शैक्षणिक संवाद, भाषा संबंधी गतिविधियां, प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। काशी-तमिल संगमम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को देश की विविध भाषाओं, परंपराओं और साझा विरासत से जोड़ना भी है। इस आयोजन के जरिए एक बार फिर काशी ने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक सेतु की अपनी ऐतिहासिक भूमिका को मजबूती से प्रस्तुत किया है।