करवा चौथ: सुहागिनों का सोलह शृंगार देख आसमान का चांद भी शर्माया

Karva Chauth: Even the moon in the sky felt shy after seeing the sixteen adornments of the married women.
 

करवा चौथ: अमृत सिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि योग में महिलाओं ने करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा। चंद्रोदय के साथ ही अखंड सौभाग्य की कामना से चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया। चंद्रमा की आरती उतारने के बाद चलनी से सुहागिनों ने पति की सूरत देखकर जल ग्रहण किया। शहर में घरों से लेकर मंदिरों में करवा चौथ का पूजन हुआ।

बुधवार को भोर में ही सुहागिनों ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया। दिनभर निर्जला व्रत रख महिलाओं ने जीवनसाथी की दीर्घायु और सुखद गृहस्थ जीवन की कामना की। सुबह घरों में शिव-पार्वती व गणेश भगवान की पूजा के बाद शाम को मंदिरों में भी महिलाएं पूजा करने पहुंचीं। महिलाओं ने सोलह शृंगार किया और सांझ ढलते ही चांद का इंतजार शुरू हो गया। मंदिरों में शाम से ही पूजन की तैयारियां शुरू हो गईं। आसमान में बादलों के कारण यह इंतजार थोड़ा लंबा लग रहा था।

हालांकि रात्रि में 8:26 बजे के बाद जैसे ही चंद्रमा के दर्शन हुए तो व्रतियों के चेहरे भी खिल उठे। 27 साल बाद बन रहे सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग में महिलाओं ने चंद्रमा के दर्शन के बाद करवा की कथा सुनी। व्रती महिलाओं ने मां गौरी और भगवान शिव के साथ गणपति भगवान का भी आशीर्वाद लिया। साज-शृंगार के साथ महिलाओं और दंपतियों में सेल्फी फोटो लेने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। दंपतियों ने अपने फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।

चांद के इंतजार में पूजा के लिए तैयार महिलाएं और उनके स्वजन लगातार आसमान में टकटकी लगाए हुए थे। चांद जैसे ही बादलों की ओट से बाहर आया, सभी के चेहरे खिल उठे। इसके बाद सुहागिनों ने विधिविधान से चांद को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न किया। इसके बाद पतियों ने जीवनसाथी को पानी पिलाकर और मिष्ठान खिलाकर व्रत का पारण कराया। इस खास मौके पर जीवनसाथी को उपहार देकर भी प्यार जताया।

महिलाओं ने की सामूहिक पूजा

शहर के कई मोहल्लों में महिलाएं एक स्थान पर एकत्रित हुईं और शृंगार व पूजन तैयारी में एक दूसरे का सहयोग किया। वहीं परंपरा के अनुसार महिलाओं ने सामूहिक पूजा-अर्चना भी की। कहानी भी सुनाई गई। गोल घेरे में बैठकर पूजन सामग्री से सजी थाली को भक्ति गीतों पर एक दूसरे तक पहुंचाया। महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी रचाई। जगह-जगह महिलाओं ने समूह में बैठकर करवा चौथ की पूजा की।

करवा चौथ पर कई लोग विभिन्न कारणों से अपने जीवनसाथी के साथ नहीं थे। ऐसे में तकनीक ने दोनों के बीच प्यार की डोर बांधी। स्मार्टफोन पर वीडियो काल के माध्यम से कई सुहागिनों ने पति का दीदार किया और इसके बाद व्रत खोला।

करवा चौथ पर शहर के सभी ब्यूटी पार्लर फुल रहे। सराफा, कपड़ा, फुटवियर, कॉस्मेटिक की दुकानों के साथ ही ब्यूटी पार्लर में सजने-संवरने के लिए महिलाओं की भीड़ रही।

महिलाएं मेकअप, हेयर स्टाइल, नेल एक्सटेंशन, ब्लीच, वैक्स कराने के लिए पहुंची थीं। वहीं मेहंदी स्टालों पर मेहंदी लगवाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं की भीड़ को देखते हुए मेहंदी सेंटर संचालकों ने भी जमकर चांदी काटी।