15 जुलाई आख़िरी मौका! WhatsApp से प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर बचाएं 12% तक की राशि
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने शहरवासियों से 15 जुलाई से पहले गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने की अपील की है। निर्धारित तिथि तक कर जमा करने पर 10% की छूट मिलेगी, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने पर अतिरिक्त 2% छूट के साथ कुल 12% की रियायत का लाभ दिया जा रहा है।
नगर निगम के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 23,416 भवन स्वामियों ने डिजिटल माध्यम से 23.59 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने WhatsApp चैटबॉट (86018 72601) की व्यवस्था की है। इस नंबर पर "Hi" भेजते ही टैक्स बिल प्राप्त किया जा सकता है और घर बैठे ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। अब तक 2,422 भवन स्वामियों ने इस सुविधा का उपयोग करते हुए 1.78 करोड़ रुपये का टैक्स जमा किया है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत चैटबॉट के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10% अतिरिक्त छूट भी दी जा रही है। अब तक इस योजना के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए हैं।
नगर निगम ने चैटबॉट के जरिए टैक्स और बिलिंग संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी शुरू की है। अब तक 39 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि जिन लोगों ने अप्रैल-मई में टैक्स जमा किया था, उनकी छूट की राशि अगले वर्ष के बिल में समायोजित कर दी जाएगी। वहीं जिनका टैक्स अभी बाकी है, उन्हें एसएमएस और कॉल के माध्यम से भी 15 जुलाई से पहले भुगतान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।